*लोचन लोलुप इन्दु-वदन का, कर्ण कांक्षी मृदु-वाणी का* - *हृदय अभिलषित प्रेम-वारिधि रूप-राग-हठ मानी का*

शुक्रवार, 16 दिसंबर 2011

हाँ ! लडूँगा मैं

(१)
‘उनको प्रणाम’
आज लब्धि ‘बाबा’ की रचना,
फूटा चित्तोद्गार,
किया फिर साश्रु समापन
लक्ष्य-भ्रष्ट, हम,
क्या पहिचाने कर्माधिपति !
यद्यपि
करते “मा फलेषु” का प्रतिपल चिंतन

किन्तु म्लान मन
देख
अध:गति और अशुचिता
इस युग में
चहुँओर
भांति-भांति सम्पूजित...

वहीं
दृष्टिगत महामना
चिर एकाकी से,
जिनकी अभ्यर्थना आज तक
रही अपूरित

प्रत्युत निवेदना
निकष-सरीखे-मानवता की,
सदा बनाये रखें, भाव-समर्पण-निश्छल,
दुःख-दैन्य सुलभ
जो पूंजीभूत वो
पूर्वफलों से,
न्याय-परायण ईश दयानिधि हैं
सुत-वत्सल

कह लो अबोध पर
है दुर्बोध
मुझे यह निष्ठा
ज्वार हृदय-उदधि में,
क्यों तुम पाओ प्रतिष्ठा

कैसा शासन ईश्, हाय !
यह कैसी विसंगति
सारे
लौकिक-भोग-विलास उन्हें
जो दुर्मति


          (२)

अस्वीकार मुझको
हँ ! ये कलुष दर्शन
परलोक-सुख मौलिक,
वृथा
यह दत्त-जीवन !!

इक मनोरथ यहकि
तुम
सहाय्य रहना...
समझो मोद व्रत,
वसन भक्ति,
त्याग गहना,

(३)

असमता क्यों धरा पर ? तुम कहो
हे साम्ब शंकर !
सुना है सत्य हो
आनन्द हो
तुम ही प्रलयंकर

ऋजु आत्म को, अनिवार्य भी क्यों अलभ हैं ?
जो वक्र हैं, उनको मिले वैभव निराले
न सोहें क्षीर-पायस श्वान को यदि धात्र अनगढ़
बिलखते भूख से बच्चे कहाँ दे माँ निवाले ?
असेवित,
मंच पर कुछ पात्र अक्षम हैं, निबल हैं
कोटिशः हाथ पाएँ बाहुबलि जयघोष वाले
दिया क्यों मान इतना फिर
उन्हीं भस्मासुरों को
क्यों नि:स्पृह बने, दे लोभियों को कुँजी-ताले !
हो निरुपाय
ले पर्याय बैठे ‘दानी औढर’
या है सत्य शिव,
तुमने
‘वृषभ-औ-व्याल’ पाले...

(४)

किंचित
श्रृंग-पुच्छ-विहीन-पशु-बल,
तुम्हें घेरे,
पाखण्ड
‘हों..-जूँ..’ चल रहा
पर, मुँह-अँधेरे,
जलपात्र-कर शुचिस्नात मनुसुत
खड़ा सम्मुख
सत्य-सुन्दर सब समेटे,
पर,
अधोमुख...!

आर्त् इसकी सुनो-
उस...
तुमुलध्वनि को दो मति तुम
...अथवा-
सिद्ध कर लो नाम अपना ‘पशुपति’ तुम !

(५)

उत्पन्न मंथन का हलाहल पीने वाले...
विषमता का महाविष
...यहाँ
नि:सृत हो रहा है...
उपेक्षित सत्य भू पर,
और वो कैलाश-वासी
चढ़ाये कितव-विजया हाय रे !
क्यों सो रहा है

यदि
धर्म धोए पाप
पार्थिव वा अपार्थिव
फिर रहें अच्युत
त्रिपथगा
तव शीश पर शिव

कैसा क्षमा-याचन ?
धृष्ट कह लो, तुम,
परन्तु,
लख तेरी असमता,
हुए
झंकृत हृदय-तंतु...

नैवेद्य-ज्योति-पुष्प-चन्दन
सब समर्पित
पर अनुग्रह-वन्दना ?
अब भूल जाओ...
बस यही अभिदेय तुमको
हे महीश्वर !
अन्यथा स्वयं धन-पिपासु भक्त लाओ

(६)

भिन्न मैं कब भला इन आडम्बरों से
चाहूँ प्रशस्ति मैं भी अपने अनुचरों से
दुर्भाव उनके लिए, ‘न’ हो सम्मति में,
कुब्भाखवक्ता अथच केवल असहमति में

‘रूद्र’ हो तुम,
क्यों ?
रुदन सारे अटल हैं
स्वार्थपूरित आत्म
अनगढ़ हैं,
विकल हैं !

हे ईश, दो आशीष मुझको
तुम सँवारो
या...
कर नेत्र-त्रय का लक्ष्य
मुझको
अब उबारो...

2 टिप्‍पणियां:

  1. जो नहीं हो सके पूर्ण–काम
    मैं उनको करता हूँ प्रणाम ।
    ‘उनको प्रणाम’ बाबा नागार्जुन की एक रचना है

    एक पैरा देखिये:-

    “जिनकी सेवाएँ अतुलनीय
    पर विज्ञापन से रहे दूर
    प्रतिकूल परिस्थिति ने जिनके
    कर दिए मनोरथ चूर–चूर !
    उनको प्रणाम !”

    जवाब देंहटाएं